
परिवर्तन न्यूज़ चंदौली
सकलडीहा। विकास खंड क्षेत्र के चतुर्भुजपुर,अमावल मार्ग पर स्थित पुलिया बीते कई दिनों से धस गई है। जिससे आए दिन राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे है। लोगो का आरोप है कि शिकायत के बाद भी लोक निर्माण विभाग अनजान बना हुआ है। जबकि इस मार्ग से वाहनो से बड़ी संख्या में ग्रामीणो का आवागमन होता है। लोग इसी बड़े होल में फसकर हादसे का शिकार हो रहे है। इसके बाद भी विभाग बोर्ड और बैरिकेटिंग तक नही करा सका है। पुलिया धसने की जानकारी को लेकर अवर अभियंता ने अनभिज्ञता जाहिर किया।

चतुर्भुजपुर गांव के पास घरचित ड्रेन निकली है। इस ड्रेन पर दशकों पूर्व पुलिया का निर्माण हुआ था। काफी समय होने से पुलिया जर्जर हो गई थी। किसी बड़े वाहन के निकलने से पुलिया धस गई है। जिससे मुख्य सड़क पर बड़े होल बन गए। वाहन चालक सहित राहगीर इसमे फसकर गिर रहे है। वही रात में ट्रेन पकड़ने वाले यात्री को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे की वजह से लोग इसमे घायल हो रहे है। लोगो ने आशंका जताई कि कभी भी यह पूरी पुलिया टूट सकती है। जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। जिसके कारण कई गांवो का संपर्क टूट जाएगा। साथ ही दूर दराज जाने वाले वाहनो को 10 से 15 किमी अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा।
ग्रामीण दीपू सिंह,अन्नू जायसवाल,विनीत सिंह,मिंटू सिंह,श्यामसुंदर सिंह ने जल्द पुलिया निर्माण की मांग उठाई है।
इस संबंध में लोक निर्माण के जेई सुदामा यादव का कहना है कि अभी मालूम नही था। जल्द ही पुलिया का निर्माण कराया जाएगा।