
परिवर्तन न्यूज़ चंदौली
सकलडीहा। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश के क्रम में चुनावी भागीदारी (स्वीप)” कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने क्षेत्र के दिघवट गांव में बुधवार को ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता देश के विकास की एक अहम कड़ी होता है। जो पांच वर्षों के लिए देश की कमान अपने मत से चुने गए प्रतिनिधि के हाथों में सौंपता है। इस प्रकार अपने देश में एक सही प्रतिनिधि का चयन करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को मतदान को लेकर जागरूक होना अनिवार्य है।

जो पहली बार मतदाता बने हैं वह अपने मतदान का अवश्य प्रयोग करें। आज के समय में देश में आधे से ज्यादा आबादी युवाओं की है। यदि देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाना है और एक उचित सत्ता का चयन करना है तो मतदाताओं की वृद्धि आवश्यक है। मतदाता भविष्य का विधाता होता है। मतदान से अपने योग्य उम्मीदवार को चयनित करें और शत प्रतिशत मतदान करें।

एपीओ मनरेगा अभिनव पांडेय ने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है। जिसका अर्थ यह है कि यहां की सरकार लोकतंत्र के नियमों के आधार पर चुनी जाती है। लोकतंत्र के नियमों में पांच वर्षों में एक बार चुनाव किया जाता है। पांच वर्षों में एक बार होने वाले इस चुनाव में विशेष भूमिका जनता की रहती है।

मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह के साथ ए पी ओ मनरेगा अभिनव पाण्डेय, सचिव संजय यादव, प्रधान अनीता राजभर, प्रधान प्रतिनिधि राम सूरत राजभर, भोला सहित काफ़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।