अध्यात्मजिलाप्रशासनिकब्रेकिंगवाराणसीशिक्षा

वैदिक संस्थान करें सनातन जीवन मूल्यों का संरक्षण: प्रोफेसर कृष्ण कान्त शर्मा

राम नाम से होता सभी विपत्तियों का निवारण – पंडित शिवपूजन चतुर्वेदी

वाराणसी। छित्तूपुर स्थित वेद मंदिर सभागार में आयोजित साहित्य गौरव सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी के अध्यक्षीय संबोधन में सांख्य योग शास्त्र के अधिकारी विद्वान राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रोफेसर कृष्ण कान्त शर्मा ने कहा कि वैदिक संस्थानों पर सनातन धर्म के संरक्षण का महती उत्तरदायित्व है। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं को ऐसे विद्यार्थी बनाने होंगे जिनका सदाचरण सनातन जीवन मूल्यों की स्थापना का प्रतिमान बने। समारोह का आयोजन वैदिक एजुकेशनल रिसर्च सोसायटी एवं संस्कृत तथा संस्कृति उत्थान न्यास के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

सोसायटी के अध्यक्ष प्रख्यात ज्योतिर्विद पंडित शिवपूजन चतुर्वेदी शास्त्री ने वेद मंदिर में वर्ष 2013 से जारी अखंड श्रीरामचरित मानस पाठ के देश पर पड़े सकारात्मक प्रभावों की चर्चा की। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से मानस की अनिष्ट निवारण शक्ति का उल्लेख किया। महाराजा कामेश्वर सिंह संस्कृत विश्वविद्यालय दरभंगा के सहायक प्राचार्य डाक्टर रामकेश्वर तिवारी ने संस्थान की अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका वेदांजलि के माध्यम से संस्कृत शोधार्थियों की सहायता एवं संस्थान के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। श्रीपंचायती उदासीन बड़ा अखाड़ा वाराणसी के महंत एवं न्याय वेदांत के अधिकारी विद्वान डाक्टर लक्ष्मण दास जी ने न्याय शास्त्र के माध्यम से सनातन जीवन पद्धति की संरक्षा के महत्व की विवेचना की। गोरखपुर विश्वविद्यालय के आचार्य डाक्टर सूर्यकान्त त्रिपाठी तथा कानपुर की विदुषी संस्कृत कवियित्री डाक्टर वीनू सिंह ने संस्कृत भाषा की वैज्ञानिकता और लालित्य की व्याख्या की। वैदिक ज्योतिष के जर्मन विद्वान नरबर्ट वाइस ने पाश्चात्य जीवन में धन एवं भोग की उत्कट लालसा के गंभीर दुष्प्रभावों का वर्णन करते हुए वेद वर्णित प्राकृतिक जीवन शैली को लौकिक तथा पारलौकिक सुख का आधार बताया।

इस अवसर पर प्रोफेसर कृष्ण कान्त शर्मा, पंडित शिवपूजन चतुर्वेदी, डाक्टर लक्ष्मण दास, डाक्टर वीनू सिंह एवं डाक्टर रामकेश्वर तिवारी को साहित्य गौरव सम्मान प्रदान किया गया। संस्था के आचार्य सुनील चौबे ने मंगलाचरण कर स्वस्तिवाचन किया। संगोष्ठी का संयोजन संस्कृत तथा संस्कृति उत्थान न्यास के प्रतिनिधि रवि शंकर एवं संचालन रेडक्रास सचिव एवं अधिवक्ता प्रसून कुमार मिश्र ने किया।

आयोजन में जर्मन प्रतिनिधि मर्लिन शिवानंद वाइस, क्रिश्चियन गाइगेर, मारिया गाइगेर एवं सोसायटी के सचिव राजीव रंजन तिवारी, सदस्य जय प्रकाश चतुर्वेदी तथा स्वयंसेवक अमूल्य उपाध्याय, वाचस्पति पाण्डेय एवं सुनील पाठक उपस्थित थे।

रजनी कान्त पाण्डेय

मैं रजनी कांत पाण्डेय पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 15 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत हूँ,इस दौरान मैंने कई प्रमुख राष्ट्रीय हिंदी दैनिक समाचार पत्रों में अपनी सेवाएँ दे चूका हूँ. फ़िलहाल समाचार सम्प्रेषण का डिजिटल माध्यम को चुना है जिसके माध्यम से जनसरोकार की ख़बरों को प्रमुखता से प्रकाशित कर सकूं |

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!