
परिवर्तन न्यूज़ डेस्क
वाराणसी। बनारस के लगभग सभी सरोवर और गंगा के किनारे घाटों पर छठ पूजा का पर्व भव्यता और धार्मिक उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। हजारों व्रती महिलाओं ने शुक्रवार को तीन दिवसीय छठ पूजनोत्सव के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का पारण किया। यह पर्व साफ सफाई से किए जाने वाला आस्था, सहयोग और श्रद्धा का प्रतीक है। इसमें सहभागिता करने वाले श्रद्धालुओं के मन में छठ मइया और भगवान भास्कर के प्रति गहरी भक्ति भावना देखने को मिली। पर्व के तीसरे दिन निर्जला व्रत रखने वाले व्रतधारी महिलाओं और पुरुषों ने अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर अपने व्रत का पालन किया।

छठ पर्व के अंतिम दिन व्रती महिलाओं और पुरुषों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर प्रसाद ग्रहण किया और अपने व्रत का समापन किया। बरेका सूर्य सरोवर हो या गंगा, वरुणा सहित बनारस के अनेक तालाबों, सरोवरों में हजारों श्रद्धालुओं का आगमन भोर से ही शुरू हो गया। साथ में परिवार जनों के अलावा रिश्तेदारों ने भी इस भव्य आयोजन में सम्मिलित होकर धार्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।

वाराणसी पुलिस, एनडीआरएफ ने सुरक्षा और व्यवस्था में पूरे तौर पर सहयोग किया। सभी आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल, एनडीआरएफ, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा दल और जिला भारत स्काउट गाइड के सदस्य तैनात थे। इन सभी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कार्यक्रम के सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूजा समिति के सदस्यों ने भी सक्रिय सहयोग दिया और प्रसाद वितरण सहित आयोजन को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।